केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का कैंसर से निधन


कर्नाटक में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार Ananth Kumar का सोमवार 12 नवम्बर 2018 को निधन हो गया। वह पिछले कुछ महीनों से फेफड़े के कैंसर से पीड़ित थे। उनकी उम्र 59 वर्ष थी। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गये है। अनंत कुमार कर्नाटक के बेंगलुरु साउथ से सांसद थे। वह केंद्र  सरकार में संसदीय कार्यमंत्री थे।


वह अमेरिका और ब्रिटेन में इलाज कराने के बाद वह हाल में ही बेंगलुरु लौटे थे। इसके बाद उनका शंकरा अस्पताल में इलाज चल रहा था। कुमार का निधन कैंसर और संक्रमण के बाद पैदा हुई जटिलताओं के कारण हुआ। वह पिछले कुछ दिनों से सघन निगरानी कक्ष में कृत्रिम जीवन रक्षक प्रणाली पर थे।

अनंत 1996 से बेंगलुरु साउथ लोकसभा सीट से सांसद थे। मोदी सरकार में उन्हें रसायन और उर्वरक मंत्रालय और संसदीय मामलों का मंत्री पद मिला। वह शुरुआत में राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े और छात्र राजनीति से होते हुए बीजेपी में आए थे। वे 1996 से 2014 के बीच बेंगलुरु दक्षिण सीट से छह बार लोकसभा सदस्य चुने गए थे। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वे सबसे युवा मंत्री थे।


मोदी सरकार में कुमार के पास दो मंत्रालय की जिम्मेदारी थी। वे 2014 से रसायन एवं उर्वरक मंत्री थे। इसके अलावा उन्हें जुलाई 2016 में संसदीय मामलों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। अनंत कुमार वाजपेयी सरकार में मार्च 1998 से अक्टूबर 1999 तक नागरिक उड्डयन मंत्री भी रहे। उनका जन्म 22 जुलाई 1959 को बेंगलुरु में हुआ था। उन्होंने केएस ऑर्ट कॉलेज हुबली से बीए किया था। इसके बाद जेएसएस लॉ कॉलेज से एलएलबी की थी। उनके परिवार में पत्नी तेजस्विनी, दो बेटियां ऐश्वर्या और विजेता हैं।