पुलिस में 1426 पदों की भर्ती ऑनलाइन परीक्षा निरस्त


उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में 760 लिपिक, लेखा ओर गोपनीय सहायक के पदों और 666 कंप्यूटर आॅपरेटर ग्रेड ए पद के लिए हुई सितम्बर 2017 में हुई आॅनलाइन परीक्षा निरस्त कर दी है। परीक्षा के परिणाम और पांच सवालों को लेकर हुई तकनीकी गड़बड़ी की वजह से इस परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही अगली तारीख की घोषणा की जाएगी।


याद रहे कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड ने 13 सितंबर, 2017 को लिपिक, लेखा व गोपनीय सहायक संवर्ग के 760 और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 666 पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा करवाई थी। इस परीक्षा में लगभग 50 हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।परीक्षा कराने के बाद बोर्ड ने आपत्तियां मांगीं, जो आपत्तियां आई उनमें ज्यादातर सही पाई गईं। इसके अलावा कुछ अभ्यर्थियों के रिजल्ट में दो-दो बार नंबर चढ़ गए थे। इन दो तकनीकी खामियों के चलते बोर्ड ने परीक्षा निरस्त करने का निर्णय किया है।

इन पदों पर होनी थी भर्ती
सनद रहे, कि 22 दिसंबर, 2016 को उत्तर प्रदेश पुलिस लिपिक, लेखा एवं गोपनीय सहायक संवर्ग सेवा के लिए वैकेंसी निकाली गई थीं। इसमें पुलिस सहायक उप निरीक्षक लिपिक के पे बैंड 5200-20200 और ग्रेड पे 2800 के लिए 378 पदों पर भर्ती होनी थी। इसमें पुरुषों के 303 और महिला के 75 पद शामिल थे। वहीं पुलिस सहायक उप निरीक्षक लेखा के लिए इसी वेतनमान पर 212 पदों पर भर्ती होनी थीं। जिसमें पुरुषों के 170 और महिला के 42 पदों पर और पुलिस उप निरीक्षक गोपनीय के पे बैंड 9300-34800 और ग्रेड पे 4200 के वेतनमान पर 170 पदों पर भर्ती होनी थीं। जिसमें पुरुषों के 136 और महिला के 34 पदों पर भर्ती होनी थीं। इसके लिए 18 फरवरी, 2017 तक आवेदन मांगे गए थे। इसी तरह कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए वेतनमान पे बैंड 5200-20200 और ग्रेड पे 2400 की सीधी भर्ती (विशेष चयन) के 666 बैकलॉग पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा हुई थी।