सोलर 'इंपल्स 2' ने विश्व परिक्रमा कर रचा इतिहास


विश्व का एकमात्र सौर ऊर्जा चालित सौर विमान 'इंपल्स-2' की विश्व की परिक्रमा करने की ऐतिहासिक यात्रा 26 जुलाई, 2016 को पूरी हो गई। वह ईंधन के एक बूंद के बिना दुनिया का पूरा चक्कर लगाने वाला पहला विमान बन गया है। यह विमान कुल 505 घंटे (23 दिनों से ज्यादा समय तक) आसमान में रहा। यह विमान स्वच्छ ईंधन का संदेश लेकर पिछले साल दुनिया के सफर पर निकला था।

काहिरा से 48 घंटे का सफर तय करने के बाद इंपल्स-2 सुबह 4:05 बजे अबूधाबी में उतरा जो इसका अंतिम ​पड़ाव था। इसने पिछले साल नौ मार्च को अपने सफर की शुरुआत की थी। काहिरा से अबूधाबी की सफर के दौरान प्रोजेक्ट डायरेक्टर बरट्रांड पिकार्ड कॉकपिट में थे। लाल सागर, सऊदी का रेगिस्तान और खाड़ी के ऊपर से उड़ता हुआ यह विमान अबूधाबी पहुंचा। इस विमान ने 42 हजार किमी की यात्रा की। इस दौरान यह चार महाद्वीपों, दो महासागरों और तीन समुद्रों के ऊपर से गुजरा। रविवार की सुबह इंपल्स-2 ने अपने अंतिम पड़ाव के लिए उड़ान भरी थी। अपनी यात्रा के दौरान पहले यह एशिया, उत्तरी अमेरिका, यूरोप और उत्तरी अफ्रीका को पार कर चुका था।

सोलर इंपल्स-2 : महत्वपूर्ण तथ्य
● सोलर इंपल्स-2 ने 42 हजार किमी की यात्रा की।
● इस दौरान वह चार महाद्वीपों एशिया, उत्तरी अमेरिका, यूरोप और उत्तरी अफ्रीका के अलावा दो महासागरों, तीन समुद्र से होकर गुजरा।उसने इस सफर को 16 महीने में पूरा किया।
● इस विमान को 58 वर्षीय पिकार्ड और उनके ही देश के 63 वर्षीय आंद्रे बोर्शबर्ग ने उड़ाया।
● पायलट के पास खाने में करीब ढाई किलो खाने का सामान, ढाई लीटर पानी और एक लीटर स्पोर्टस ड्रिंक होता था।
● यह विमान 8500 मीटर की ऊंचाई तक अधिकतम उड़ा चुका है।
● इसका वजन 2300 किग्रा और 72 मीटर चौड़ाई है। इसके डैने बोइंग -747 से भी बड़े है।
● इसकी औसत स्पीड 75 किमी प्रतिघंटा और अधिकतम स्पीड 216 किमी प्रतिघंटा है।
● यह विमान 80% कार्बन फाइबर से बना है।
● इस विमान के एक ही सीट ​थी लेकिन दोनों पायलट बारी बारी से प्लेन उड़ाते रहे।
● विमान की सबसे लंबी यात्रा जापान से हवाई के बीच रही। इसके पायलटों ने नागोया से होनोलुलू का सफर 4 दिन, 21 घंट और 51 मिनट में तय किया।
● विमान के डैनों में 17 हजार से ज्यादा सौर बैट्रियां लगी हुईं हैं। सूर्य की रोशनी में ये ऊर्जा संग्रह करती है।
20 मिनट तक ही एक वक्त में पायटल को सोने की इजाजत है।