नृत्‍यांगना मृणालिनी साराभाई का निधन


मशहूर शास्त्रीय नर्तक, नृत्य निर्देशक और प्रशिक्षक मृणालिनी साराभाई (Mrinalini Sarabhai - Famous Classical Dancer) का आज 21 जनवरी को अहमदाबाद में निधन हो गया। वह 97 साल की थीं। वह भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक माने जाने वाले विख्यात भौतिक विज्ञानी विक्रम साराभाई की पत्नी थीं। मृणालिनी को प्यार से 'अम्मां' कहा जाता था।

मृणालिनी साराभाई : संक्षिप्त परिचय
भरतनाट्यम की मशहूर नृत्‍यांगना मृणालिनी साराभाई का जन्‍म 11 मई, 1918 को केरल में हुआ था। उनकी मां अम्मू स्वामीनाथन मशहूर स्वतंत्रता सेनानी थी। वह पूर्व सांसद भी रहीं। मृणालिनी की शिक्षा रवींद्रनाथ टैगोर की देखरेख में शांतिनिकेतन में हुई थी। विश्व भारती, शांति निकेतन में ही मृणालिनी को नृत्य के प्रति अपने लगाव व कला का अनुभव हुआ। उन्होंने मीनाक्षी सुंदरम पिल्लई के निर्देश में भारतनाट्यम सीखा।

मृणालिनी ने अहमदाबाद में दर्पणा एकेडमी (Darpana Academy of Performing Arts) की स्थापना की थी। यह संस्थान नृत्य, ड्रामा, संगीत व कठपुतली-थियेटर के लिए विख्यात है। मृणालिनी और विक्रम की शादी साल 1942 में हुई। मृणालिनी ने 300 से अधिक नृत्य नाटिकाओं में कोरियॉग्रफ़ी की थी। उन्होंने कई उपन्यास, कविताएं, नाटक और बच्चों के लिए कहानियां भी लिखी हैं।

मृणालिनी को भारत सरकार की ओर से देश के नागरिक सम्मान पद्मभूषण और पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट एंगलिया, नॉविच यूके ने भी उन्हें डॉक्टरेट की उपाधि दी थी। इंटरनेशनल डांस काउंसिल पेरिस की ओर से उन्हें एग्जीक्यूटिव कमेटी के लिए भी नामित किया गया था।

विक्रम और मृणालिनी साराभाई के 2 बच्चे हैं। उनके बेटे कार्तिकेय साराभाई सेंटर ऑफ इन्वाइरनमेंट एजुकेशन के संस्थापक हैं। उनकी बेटी मल्लिका साराभाई भी मशहूर नृत्यांगना हैं।