जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद का निधन

जम्‍मू-कश्‍मीर के मुख्‍यमंत्री मुफ्ती मोहम्‍मद सईद का 79 वर्ष की उम्र में 7 जनवरी को दिल्‍ली में निधन हो गया। उन्‍हें फेफड़ों में संक्रमण के बाद एम्‍स में भर्ती कराया गया था। यहां वह पिछले 15 दिनों से भर्ती थे। सईद के परिवार में उनकी पत्नी, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती समेत तीन बेटियां और एक बेटा है। सईद ने पिछले साल एक मार्च को पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था।

उल्‍लेखनीय है कि सईद को विगत 24 दिसंबर को बुखार और गर्दन में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एम्स के चिकित्सकों ने उन्हें सेप्सिस, ब्लड काउंट्स में कमी और निमोनिया से पीड़ित पाया था। वह एम्स के सघन चिकित्सा कक्ष में थे और अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उनकी प्लेटलेट्स में खतरनाक स्तर तक गिरावट आई थी। पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री वेंटीलेटर पर थे।


दो बार जम्‍मू-कश्‍मीर के मुख्यमंत्री व देश के गृह मंत्री भी बने
सईद दो बार जम्‍मू-कश्‍मीर के मुख्यमंत्री रहे। वर्ष 2002 में उन्‍होंने पहली बार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला था। इसके बाद 1 मार्च 2015 को पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में वे जम्मू-कश्मीर के 12वें मुख्यमंत्री बने। 1989 से 1990 के बीच सईद देश के गृह मंत्री भी रहे।

मुफ्ती मोहम्‍मद सईद : संक्षिप्त जीवन परिचयजन्म : बिजबिहाड़ा (अनंतनाग) के बाबा मोहल्ले में 12 जनवरी, 1936 को
ग्रेजुएशन त​था विधि की डिग्री
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से अरब इतिहास में मास्टर की डिग्री ली
तीन पुत्रियां-पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, महमूदा और रुबिया सईद है।

राजनीतिक सफर
1962, 1967 :
में बिजबिहाड़ा से विधायक रहे
1971 : कांग्रेस से जम्मू-कश्मीर में राज्य मंत्री रहे।
1972 : कैबिनेट मंत्री व विधान परिषद में कांग्रेस के नेता रहे
1975 : कांग्रेस विधायक दल के नेता के साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष बने
1986 : राजीव गांधी की सरकार में केंद्रीय पर्यटन मंत्री रहे
1987 : वी पी सिंह की अगुवाई में जन मोर्चा में शामिल हुए
1989 : देश के गृह मंत्री बने
1999 : पीडीपी पार्टी की स्थापना की
2002 : दो नवंबर 2002 से दो नवंबर 2005 तक जम्मू कश्मीर के सीएम रहे
2015 : एक मार्च 2015 को जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री बने