62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा

62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा 24 मार्च, 2015 को नई दिल्ली में की गई। इसमें 2014 में भारतीय सिनेमा के लिए सर्वश्रेष्ठ योगदान देने वाले लोगों और फिल्मों के लिए सम्मान की घोषणा की गई। 'क्वीन', ‘हैदर’ और ‘मैरीकॉम’ ने राष्ट्रीय पुरस्कारों में कई पुरस्कार जीते। चैतन्य तम्हाने की ‘कोर्ट’ सर्वश्रेष्ठ फिल्म घोषित की गयी।

विकास बहल की कंगना रनौत स्टारर फिल्म 'क्वीन' को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म और कंगना रनौत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। 28 वर्षीय कंगना का दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार है, कंगना को 2010 में फिल्म ‘फैशन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। कंगना रनौत की फिल्म ‘क्वीन’ ऐसी लड़की की कहानी है जो अपने मंगेतर से धोखा खाने के बाद अकेले ही विदेश में हनीमून मनाने चली जाती है।

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार के लिए कन्नड अभिनेता विजय के नाम की घोषणा की गई है। उन्हें यह पुरस्कार कन्नड फिल्म ‘नानू अवनल्ला अवालू’ में भावनात्मक किरदार अदा करने के लिए मिल रहा है। सर्वश्रेष्ठ पॉपुलर फिल्म का पुरस्कार हिंदी फिल्म 'मैरी कॉम' को मिलेगा।

शेक्सपीयर के प्रसिद्ध उपन्यास ‘हेमलेट’ पर बनी शाहिद कपूर अभिनीत ‘हैदर’ को भी पांच पुरस्कारों के लिए चुना गया है। 'हैदर' के हिस्से सबसे ज्यादा राष्ट्रीय पुरस्कार आए। सर्वश्रेष्ठ डायलॉग और म्यूज़िक के लिए विशाल भारद्वाज, सर्वश्रेष्ठ कॉस्टयूम के लिए डॉली आहलुवालिया, सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी के लिए सुदेश अदाना और 'हैदर' में 'बिसमिल' गाने के लिए सुखविंदर सिंह को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलेगा।

सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार बांग्ला फिल्मकार श्रीजीत मुखर्जी की झोली में फिल्म 'चतुष्कोण' के लिए गया। ‘चतुष्कोण’ को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफी और स्क्रीनप्ले (मूल) के लिए भी सम्मानित किया जाएगा। मलयाली फिल्म ‘नाइनटीन ऐटी थ्री’ के लिए गोपी सुंदर को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व संगीत के राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण की श्रेणी में सबसे अच्छी फिल्म मलयालम भाषा की ‘उत्ताल’ रही। इसे एक और पुरस्कार के लिए चुना गया है। सिनेमा में फीचर श्रेणी, गैर फीचर श्रेणी और सर्वश्रेष्ठ लेखन पर तीन ज्यूरी के प्रमुखों ने 24 मार्च को 2014 के लिए 62वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी आगामी 3 मई को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित करेगें। इसी दिन दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा, जिसके लिए अभिनेता शशि कपूर का नाम चुना जा चुका है।

61वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की सूची– 
• सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म- कोर्ट (मराठी, हिंदी, गुजराती और अंग्र्रेजी)
• सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म- क्वीन
• सर्वश्रेष्ठ पॉपुलर फिल्म- मैरी कॉम
• सर्वश्रेष्ठ निर्देशक- सृजित मुखर्जी (बंगाली फिल्म चतुष्कोने)
• सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री- कंगना रनौत (हिंदी फिल्म क्वीन)
• सर्वश्रेष्ठ अभिनेता- विजय (कन्नड़ फिल्म नानू अवानाला अवालू)
• सर्वश्रेष्ठ सहअभिनेता- बॉबी सिम्हा (तमिल फिल्म जिगरठंडा)
• सर्वश्रेष्ठ सहअभिनेत्री- बलजिंदर कौर (हरियाणवी फिल्म- पगड़ी द ऑनर)
• सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायक- सुखविंदर सिंह (हैदर के गाने बिस्मिल के लिए)
• सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका- उत्तरा उन्नीकृष्णन (तमिल फिल्म- साईवम के गाने अजहागू के लिए)
• सर्वश्रेष्ठ कॉस्टयूम डिजाइनर- डॉली अहलूवालिया (फिल्म हैदर)
• सर्वश्रेष्ठ संगीतकार- विशाल भारद्वाज (हैदर)
• सर्वश्रेष्ठ पार्श्व संगीत- मलयालम फिल्म 1983
• सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी- सुदेश अधाना (हैदर)
• पर्यावरण पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म- ओत्तल (मलयालम)
• शिक्षाप्रद सर्वश्रेष्ठ फिल्म - कोलम एंड बिहाइंड द ग्लास वाल
• सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन फिल्म - साउंड ऑफ ज्वाय
• सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक- तनुल ठाकुर

Post a Comment

0 Comments